ISIS से पूरे मोसुल को 10 जून तक आजाद करा लेंगे : इराकी सेना

इंटरनेशनल डेस्क. ब्रिटिश बेस्ड मीडिया 'डेली मेल' की रिपोर्ट के मुताबिक, आईएस के कब्जे वाले इलाकों को मुक्त कराने के लिए दो हफ्ते का समय निर्धारित किया गया है। एयरपोर्ट और यूनिवर्सिटी सहित मोसुल के अधिकांश हिस्सों पर सुरक्षा बल पहले ही नियंत्रण कर चुके हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि शहर के करीब 165,000 नागरिकों के बीच अभी भी अज्ञात संख्या में आईएस आतंकवादी छिपे हैं

अबादी ने कहा, "दुश्मन पतन की स्थिति में है और मोसुल में अपने किसी मकसद में कामयाब नहीं हो सकता, जिसे एक बार उसने अपनी राजधानी माना था।" प्रधानमंत्री के अनुसार, सुरक्षाबलों ने मोसुल के 95 फीसदी हिस्से को आईएस के चंगुल से मुक्त करा लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मोसुल के पूर्वी हिस्से में सामान्य जनजीवन लौटने लगा है और पश्चिम में अधिकांश इलाके मुक्त करा लिए गए हैं और जल्द ही इस शहर के पूरी तरह से आजाद होने की घोषणा की जाएगी।
 
अबादी इराकी सेना के कमांडर-इन-चीफ भी हैं। सेना के कमांडरों ने भी रमजान के पहले मोसुल को आजाद करा लेने की बात कही है। विशेष अभियान के कमांडर मान अल-सादी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने मोसुल के नजदीकी इलाके अल-शाहा को 70 फीसदी मुक्त करा लिया है और लगभग 70 आतंकवादी मारे गए हैं।