केंद्र ने तेल की कीमत में कटौती की, 'आप' ने सरकार की मंशा पर उठाए सवाल, कही यह बात...

'आप' नेता संजय सिंह ने सरकार से पूछा कि मान्यवार क्या कल से प्रतिदिन 10 पैसा,25 पैसा,45 पैसा, 50 पैसा तेल का दाम बढ़ना बंद हो जायेगा?

नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल पर केंद्र सरकार की तरफ से 2.5 रुपये की राहत मिलने के बाद बीजेपी शासित कई राज्यों ने भी तेल की कीमतों में कटौती की है. केंद्र सरकार ने कीमत में कटौती के बाद सभी राज्य सरकारों से भी कीमत में कटौती करने को कहा था. इसके बाद बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और त्रिपुरा की सरकार ने भी अपने यहां कीमत कम करने का ऐलान कर दिया. वहीं, दूसरी तरफ सरकार के इस फैसले पर आम आदमी पार्टी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि सरकार ने ढ़ाई रुपये की कमी कर लोगों के साथ धोखा किया है.

आप संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'मोदी सरकार ने एक्साइज़ ड्यूटी 10 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई और मात्र 2.50 रुपए आज कम कर दी? ये तो धोखा हुआ. केंद्र सरकार को कम से कम 10 रुपए प्रति लीटर की कमी करनी चाहिए.

'आप' नेता संजय सिंह ने ट्वीट किया, माननीय वित्त मंत्री ने डीज़ल-पेट्रोल के दाम में ढ़ाई रुपये की कटौती कर दी, अच्छी बात है, मान्यवार क्या कल से प्रतिदिन 10 पैसा, 25 पैसा, 45 पैसा, 50 पैसा तेल का दाम बढ़ना बंद हो जायेगा? 'चार दिन की चांदनी, फिर अंधेरी रात है.'​

उधर ,पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी तेल की कीमतों में कटौती करने का अनुरोध किया है. बता दें कि ओडिशा में बीजद की सरकार है. इसके पहले धर्मेंद्र प्रधान से सरकार के इस फैसले पर पीएम मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली का आभार भी जताया. उधर, दूसरी तरफ बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र सरकार की तरफ से 2.5 रुपये की कटौती का स्वागत किया है.

Source: khabar.ndtv.com

Hong Kong Dedicated Server
Hong Kong VPS server